होम लोन: बचें 5 गलतियों से
11/06/2013 22:45
अगर आप प्रॉपर्टी ख्ारीदने की योजना बना रहे हैं तो होम लोन के लिए आवेदन करते समय इन गलतियों से बचने की कोशिश करें:
1. प्रॉपर्टी से पहले बैंक का चुनाव : अकसर लोग प्रॉपर्टी का चुनाव करने से पहले ही बैंक का चुनाव कर लेते हैं। इसका नुकसान यह हो सकता है कि अगर वह बैंक किसी कारण से उस संपत्ति पर लोन देने से इंकार कर दे तो आपको दोबारा नए सिरे से अपने लिए बैंक का चुनाव करना पडेगा। अगर आप अपने लिए प्रॉपर्टी का चुनाव पहले करते हैं तो आपके सामने कई विकल्प मौजूद होंगे और आपको सबसे सस्ते ब्याज दर पर लोन मिल सकता है।
2. डाउन पेमेंट का पहले से इंतजाम न करना : कुछ लोग यह सोचकर निश्चिंत हो जाते हैं कि पजेशन मिलने में काफी देर है। फिर अभी से डाउन पेमेंट के बारे में क्या सोचना? ..पर जरूरत के समय पैसों का इंतजाम न हो पाने के कारण अकसर लोगों को बहुत परेशानी झेलनी पडती है। इसलिए डाउन पेमेंट के लिए आवश्यक धनराशि पहले से ही जुटा कर रखें।
3. ब्याज दरों के मामले में नासमझी : अपने होम लोन को फिक्स्ड और फ्लोटिंग दोनों में से कौन से ब्याज दर पर लेना बेहतर होगा? अकसर लोग इस बात पर ज्यादा सोच-विचार नहीं करते, पर इससे भविष्य में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड सकता है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ से सलाह लेने के बाद ही कोई निर्णय लेना चाहिए।
4. पूरी जानकारी हासिल न करना : अकसर लोग बिल्डर के कहने पर बिना सोचे-समझे उसके द्वारा सुझाए गए बैंक से अपना होम लोन फाइनेंस करवा लेते हैं। इससे उन्हें उचित ब्याज दर पर लोन नहीं मिल पाता। ऐसी स्थिति से बचने के लिए पहले इंटरनेट के माध्यम से यह मालूम करें कि किस बैंक में ब्याज दर सबसे कम है। फिर उसी बैंक से अपना होम लोन फाइनेंस करवाएं। ब्याज दर के अलावा प्रोसेसिंग फीस, प्री-पेमेंट चार्ज, लीगल और वैल्यूएशन फीस आदि सारी जानकारियां हासिल करने के बाद पूरी तरह संतुष्ट होने पर ही बैंक का चुनाव करें।
5. होम लोन का बीमा न करवाना : अकसर लोग पैसे बचाने के चक्कर में होम लोन का बीमा करवाने से कतराते हैं, लेकिन होम लोन इंश्यारेंस आपके परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। इसका फायदा यह है कि अगर लोन लेने वाले व्यक्ति के साथ कोई अनहोनी हो जाए तो उसके परिवार को किस्तें चुकाने की जरूरत नहीं पडती।
कुछ जरूरी बातें
-आजकल लोन दिलाने के नाम पर धोखाधडी की घटनाएं बढ रही हैं। इसलिए बैंक एग्जिक्यूटिव का पहचान पत्र देखे बिना उससे होम लोन के संबंध में कोई बातचीत न करें।
- लोन के दस्तावेज पर छोटे अक्षरों में लिखी गई अति आवश्यक जानकारी को ध्यान से पढने के बाद ही उस पर हस्ताक्षर करें।
- अपने आवेदन पत्र के साथ संलग्न सभी जरूरी कागजात की फोटोकॉपी के हर पृष्ठ पर ध्यानपूर्वक हस्ताक्षर करें।
- अगर दस्तावेज जमा कराने के बाद आप ऋण नहीं लेने का फैसला करते हैं तो उस बारे में बैंक को तुरंत सूचित करें।
- अगर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आपको लोन की स्वीकृति या अस्वीकृति की सूचना नहीं मिलती तो कस्टमर केयर या बैंक की शाखा से संपर्क करके उसके बारे में पूरी जानकारी हासिल करें।
