इन्हें आजमाएं गर्मी होगी छूमंतर
08/06/2013 14:05
बढ़ते तापमान को देखते हुए यहां हम विशेषज्ञों से राय लेकर बता रहे हैं कि इस गर्मी में आप क्या खायें और क्या नहीं, जिससे आपका शरीर कूल रहे। गर्मी में हेल्दी रहने के लिये इन्हें अपनायें
पानी
हर रोज तीन लीटर पानी पीएं। पसीने के कारण शरीर में आयी पानी की कमी को दूर करने के लिये कोई भी शारीरिक श्रम करने से पहले, उसके दौरान और उसे करने के बाद पानी जरूर पीयें।
डाइट
गर्मी में अपनी डाइट में सूप, सलाद और फल शामिल करें। दिन में हल्का खाना खायें।
सफाई
गर्मी में सफाई का खास ख्याल रखें। इस मौसम में पानी से होने वाली बीमारियां अधिक होती हैं। हाथ धोकर, ताजा खाना खाकर और बाहर के खाने को नजरअंदाज करके आप स्वस्थ रह सकते हैं।
हेल्थ
गर्मी अपने साथ-साथ कई बीमारियां भी लेकर आती है। इस मौसम में शरीर में पानी की कमी, भूख न लगना और एलर्जी होना एक आम समस्या है, जिसकी वजह से गर्मी को लोग पसंद नहीं करते। लेकिन कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जिन्हें अपनी डाइट में शामिल करके आप अपने शरीर को ठंडा रख सकते हैं और वह भी पोषक तत्वों से कोई समझौता किये बगैर। न्यूट्रिशियनिस्ट मिताली दोशी कहती हैं कि गर्मी में सिर्फ ढेर सारा पानी ही न पीएं, बल्कि उन चीजों को भी अपनी डाइट में शामिल करें, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे आपके शरीर में पानी का स्तर बना रहे। यहां हम आपको उन्हीं पदार्थो के बारे में बता रहे हैं, जिनसे आप गर्मी को कुछ हद तक नियंत्रित कर सकते हैं।
दही
हैजा, टाइफॉइड जैसी आंत से संबंधित बीमारियां मौसम के गर्म होने पर तेजी से फैलती हैं। खाने में दही को शामिल करने से आंतों में अच्छे बैक्टीरिया की संख्या बढ़ती है। ये बैक्टीरिया खाने को पचाने में मदद करते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। दही में विटामिन बी भी होता है, जिससे अल्सर, एलर्जी और गर्मी में होने वाली अन्य समस्याओं से निपटने में आसानी होती है।
नारियल पानी, गन्ने और नींबू का रस
इस मौसम में पसीना बहुत बहता है, जिससे शरीर से पानी और जरूरी खनिज निकलते रहते हैं। इसकी वजह से हम थकान और ऊब महसूस करते हैं, लेकिन कुछ ड्रिंक्स ऐसे हैं, जिन्हें पीने से ताजगी आती है और ऊर्जा मिलती है। चीनी के साथ नारियल पानी, इलेक्ट्रोलाइट्स और खनिज शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं। दोशी कहती हैं कि वर्कआउट करने वालों के लिये गन्ने का रस बेहद फायदेमंद होता है। इसमें नेचुरल शुगर होती है, जिससे शरीर ठंडा होता है और इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट की वजह से ऊर्जा मिलती है। नींबू और शहद का मिश्रण शरीर से निकले पानी की कमी को तुरंत पूरा करने की क्षमता रखता है।
फल
सिलेब्रिटी शेफ संजय कपूर कहते हैं कि तरबूज, नींबू, स्वीट लाइम और संतरा गर्मी के मौसम में जरूर खाने चाहिए। इन सभी फलों में पानी की भरपूर मात्रा होती है। फल शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं और साथ ही जरूरी विटामिन और खनिज के भी अच्छे स्त्रोत हैं, जिनसे ऊर्जा मिलती है।
सब्जी
गर्मी में वैसी सब्जियां खानी चाहिए, जो आसानी से पचने वाली हों और जिनमें पानी की अधिक मात्रा हो। अपने खाने में खीरा, गाजर, टमाटर, पालक जैसी पानी से भरी सब्जियां ज्यादा लें। दोशी कहती हैं कि ये सब्जियां मूत्र को एसिडिक होने से रोकती हैं। इन्हें खाने से शरीर से गर्मी आसानी से निकलती है, जिससे आप ठंडक महसूस करेंगे।
गर्मी में इनसे करें तौबा
शीतल पेय
इनसे रक्त धमनियों में संकुचन हो सकता है और शरीर से गर्मी निकलने में बाधा आ सकती है। बहुत ठंडा खाना और ड्रिंक हमेशा से पाचनतंत्र और पसीना बहने में गड़बड़ी पैदा करने के लिये जाने जाते हैं। पसीना बहने से हमारा शरीर प्राकृतिक रूप से ठंडा होता है।
गरिष्ठ तैलीय मसालेदार खाना
गरिष्ठ भोजन को पचाने में शरीर में मौजूद पानी की मात्रा में काफी अधिक ह्रास होता है। इसकी वजह से थकान, दुर्बलता, ध्यान में कमी और सिर में हल्का दर्द महसूस होता रहता है। तेल में वसा होती है, जो शरीर में गर्मी पैदा करती है और हमारे शरीर का तापमान बढ़ा देती है। संजीव कपूर कहते हैं कि गर्मी में अधिक मसालेदार खाना खाने से शरीर में गर्मी बढ़ती है।
कैफीन, अल्कोहल
कपूर सलाह देते हैं कि वैसे ड्रिंक्स के सेवन से बचें, जिनमें कैफीन की मात्रा अधिक हो, क्योंकि इससे शरीर का पानी कम होता है। दोशी बताती हैं कि कैफीन और अल्कोहल दोनों डाइयूरेटिक्स की तरह काम करते हैं। डाइयूरेटिक्स वैसे तत्व हैं, जिनसे अधिक मूत्र आता है, जिससे शरीर में मौजूद पानी की मात्रा में कमी आती है। इनके अलावा चीनी से शरीर का अंदरूनी तापतान बढ़ता है।
